अफरोज अहमद अंसारी का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
मीरानपुर कटरा। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार की चपेट में आकर घायल हुए मोहल्ला बंगशान निवासी सब्जी व्यापारी अफरोज अहमद अंसारी उर्फ पप्पू (32) की बरेली के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, अफरोज अहमद बृहस्पतिवार की दोपहर मंडी से पैदल अपने घर के लिए आ रहे थे। इस बीच बरेली की ओर से आई कार की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बरेली में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सीओ तिलहर विदुष सक्सेना ने बताया कि अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
-
वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपती समेत तीन घायल
तिलहर। जैतीपुर क्षेत्र के गांव करकौल निवासी वीरपाल शुक्रवार सुबह पत्नी मीना और साढ़ू रामऔतार की पत्नी पुष्पा की बाइक से शाहजहांपुर दवा लेने जा रहे थे। सुबह करीब 10 बजे तिलहर क्षेत्र में सरऊ पुलिया के पास अज्ञात वाहन से उनकी बाइक में टक्कर लग गई।
हादसे में बाइक सवार वीरपाल, उनकी पत्नी मीना और पुष्पा घायल हो गईं। राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तिलहर ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को घर भेज दिया गया। सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
ट्रक से गिरकर गंभीर घायल
पुवायां। मोहल्ला कसभरा तकिया निवासी कमलेश कुमार ट्रक से गिरकर गंभीर घायल हो गए। कमलेश पल्लेदारी का काम करते हैं। शुक्रवार को खाद भरा ट्रक शाहजहांपुर से गांव मझिगवां जा रहा था। कई श्रमिक खाद उतारने के लिए ट्रक पर चढ़ने लगे। ट्रक पर चढ़ते समय कमलेश का पैर फिसल गया और वह नीचे गिरकर गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनको सीएचसी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद कमलेश को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। चालक ट्रक लेकर मझिगवां चला गया। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई कराई जाएगी। संवाद