खिरनीबाग स्थित जीआईसी मैदान में यूपी ट्रेड शो स्वदेशी मेला में स्टाल का निरीक्षण करते जनप्रति
शाहजहांपुर। जिला उद्योग प्रोत्साहन और उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से खिरनीबाग स्थित जीआईसी मैदान पर यूपी ट्रेड शो स्वदेशी मेला-2025 का विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता ने फीता काटकर उद्घाटन किया। नौ से 18 अक्तूबर तक 10 दिवसीय यूपी ट्रेड शो स्वदेशी मेला प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 से रात आठ बजे तक चलेगा।
कार्यक्रम में आर्य महिला इंटर काॅलेज, गुरुनानक पाठशाला कन्या हाईस्कूल एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय जेवा सहित विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता ने कहा कि सरकार की मंशा है कि स्वदेशी वस्तुएं प्रयोग में लाईं जाएं।
स्वदेशी वस्तुएं उपयोग करने से छोटे-छोटे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और लोग आत्मनिर्भर होंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों के उपयोग से भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में सभी को अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मेले का मुख्य उद्देशन्य स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए हस्तशिल्पियों एवं कारीगरों को स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध कराना, देसी उत्पादों की गुणवत्ता व विविधता का प्रदर्शन, उत्पादकों को सीधे उपभोक्ताओं को जोड़ना है।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, आईआईए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, एसपी राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह आदि मौजूद रहे।