सहकारिता मंत्री स्वतंत्र प्रभार जयेंद्र प्रताप राठौर
- फोटो : अमर उजाला
योगी मंत्रिमंडल में सहकारिता मंत्री स्वतंत्र प्रभार जयेंद्र प्रताप राठौर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधान परिषद भेजेगी। उनके नाम पर भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने मुहर लगा दी है। जेपीएस राठौर ने बताया कि वह पार्टी की ओर से दी गई हर जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे।
कांट ब्लॉक के मोहनपुर ममरेजपुर गांव के मूल निवासी जेपीएस राठौर ने छात्र जीवन से ही राजनीति की शुरुआत कर दी थी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से एमटेक करने वाले जेपीएस राठौर 1996 में छात्र संघ अध्यक्ष बने थे। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे हैं। उन्हें पार्टी ने प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी देने के साथ ही बूथ इंचार्ज बनाया।
वह भाजपा के बृज क्षेत्र के महामंत्री भी रहे। प्रदेश टीम में दो बार उपाध्यक्ष पद पर रहने वाले राठौर को प्रदेश हाईकमान ने महामंत्री पद सौंप कर उनकी जिम्मेदारी में इजाफा किया। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष बने। 2016 में शाहजहांपुर-पीलीभीत एमएलसी चुनाव में वह भाजपा प्रत्याशी थे, लेकिन उन्हें सपा प्रत्याशी से हार का सामना करना पड़ा था।
लगातार दूसरी बार भाजपा की सरकार बनने पर उन्हें सहकारिता मंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया। जेपीएस के भाई डीपीएस राठौर जिला सहकारिता बैंक के अध्यक्ष हैं। बुधवार को केंद्रीय कार्यालय से जारी विधान परिषद के उम्मीदवारों की सूची में जेपीएस राठौर का भी नाम है।