शाहजहांपुर। केंद्रीय श्रम, रोजगार एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को पैना बुजुर्ग गांव में प्रस्तावित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के अस्पताल का भूमि पूजन किया। अभी 30 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा, जिसे 100 बेड तक बढ़ाया जाएगा।
101 करोड़ रुपये की लागत से अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। इसमें से 96 करोड़ रुपये की धनराशि सरकार की ओर से प्रदान भी कर दी गई है। शुक्रवार को हुए भूमि पूजन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय श्रम, रोजगार एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने प्रदेश सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, सांसद अरुण सागर, एमएलसी अमित यादव, ग्राम प्रधान पैना बुजुर्ग सत्यदेव के साथ विधिवत भूमि पूजन किया।
मंत्री ने उन बीमित लोगों के आश्रितों को कोविड-19 राहत योजना स्वीकृति पत्र प्रदान किए, जिनकी दुर्भाग्य से कोरोना के कारण मृत्यु हो गई थी। प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याण योजनाओं के तहत लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रमाण पत्र और साइकिल का वितरण किया गया।
पांच एकड़ में बनेगा अस्पताल, 100 बिस्तरों तक होगा विस्तार
अस्पताल का निर्माण पांच एकड़ भूमि पर होगा, जिसका अधिग्रहण ग्राम प्रधान सत्यदेव की सहमति से किया गया है। भविष्य में इस अस्पताल को 100 बेड तक किया जा सकेगा। इससे शाहजहांपुर और आसपास के जिलों के लगभग दो लाख लाभार्थी लाभान्वित होंगे। लाभार्थियों को नि:शुल्क उपचार और दवाएं उपलब्ध होंगी और इसमें आईसीयू, ओपीडी, डायग्नोस्टिक सेंटर और फार्मेसी होगी। पहली मंजिल पर स्थित शाखा कार्यालय ईएसआई लाभार्थियों को नकद लाभ प्रदान करेगा।
मंत्रियों ने पिछली सरकारों पर साधा निशाना
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में गरीबों के कल्याण के लिए काम किया जा रहा है। असंगठित वर्ग के कामगारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार की ओर से कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल बनाए जा रहे हैं।
साथ ही ई-श्रम कार्ड बनाकर दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा दिया जाता है। प्रदेश सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या ने कहा कि पूर्व में अन्य दलों की सरकारों में असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को सिर्फ साइकिल बांटी जाती थी, वह भी कोई और ले जाता था। जब केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकार बनी तब 17 अन्य योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने ईएसआईसी अस्पताल के लिए किए अपने व सांसद अरुण सागर के प्रयासों और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के सहयोग की जानकारी दी। बताया कि श्रमिकों के परिवार को 10 रुपये के पर्चे पर बेहतर उपचार और दवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने इस अस्पताल में एक ऑक्सीजन प्लांट लगाने की जानकारी भी दी।
ये लोग रहे मौजूद
राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन सुरेंद्र वाल्मीकि, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, डीसीबी चेयरमैन डीपीएस राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव, भाजपा महानगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, मिथिलेश कुमार, धीरेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।
शाहजहांपुर में ईएसआईसी अस्पताल का शिलान्यास करते केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा पर्यावरण मंत्री ?- फोटो : SHAHJAHANPUR