कांट। अभायन गांव में कुछ दिन पहले ओमकार के घर जन्मदिन समारोह में लाइसेंसी रायफल से हवाई फायरिंग करने का सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संंज्ञान लेकर पुलिस ने ओमकार के पुत्र मुकेश और भाई सुरेश चंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक वीडियो में एक युवक रायफल से फायरिंग करता दिख रहा है। पूछताछ में उसके बड़े भाई रजनीश ने बताया कि वीडियो में दिख रही रायफल का लाइसेंस उनके चाचा सुरेश चंद्र के नाम है और मुकेश ने फायरिंग की थी। सीओ शुभम वर्मा के अनुसार हवाई फायरिंग कर लाइसेंसी शस्त्र का दुरुपयोग करने और लोगों की जान खतरे में डालने के आरोप में मुकेश और उसके चाचा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार को सौंपी गई है। संवाद