शाहजहांपुर में बुधवार की रात कटरा थाने की पुलिस चेकिंग कर रही थी। रात 11: 45 बजे हुलासनगरा फाटक के फ्लाईओवर के आगे से पुलिस ने तसलीम निवासी ग्राम कोहनी थाना भुता, बरेली और शाकिर निवासी ग्राम बदारतपुर थाना फरीदपुर, बरेली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को दोनों के पास से डेढ़ किलो-डेढ़ किलो फाइन क्वालिटी अफीम बरामद हुई है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग मेहसर और पीके निवासी बदारतपुर से माल लेकर पंजाब में सप्लाई करते हैं। पंजाब में अफीम की बहुत मांग है। वे लोग सड़क किनारे के होटल-ढाबों में सप्लाई करते हैं। वे लोग बाइक को किसी होटल में खड़ी कर पंजाब जाने वाले ट्रक में बैठ जाते हैं। ट्रक में आसानी से अफीम छुपा लेते हैं। एसपी एस आनंद ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।