खुटार (शाहजहांपुर)। यूपी- 112 पुलिस की गाड़ी पलट जाने से दो सिपाही और दो होमगार्ड घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
पुवायां के मोहल्ला कसभरा निवासी होमगार्ड राकेश दीक्षित यूपी-112 की गाड़ी 6876 पर चालक हैं। शनिवार दोपहर गांव हंसपुर से मारपीट की सूचना पर राकेश दीक्षित साथी होमगार्ड गांव नरौठा देवीदास के पवन कुमार, सिपाही जनपद शामली के थाना झिझना के गांव ऊन निवासी विपिन कुमार और इसी थाना क्षेत्र के गांव गागौर निवासी सिपाही अजय कुमार के साथ ड्यूटी प्वाइंट गांव कढ़ैया में खड़े थे।
इस बीच गांव हंसपुर में मारपीट की सूचना मिलने पर सिपाही और होमगार्ड हंसपुर जा रहे थे। शाहजहांपुर-लखीमपुर की सीमा पर कठिना नदी की पुलिया के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट जाने से चारों लोग घायल हो गए। पलटने के बाद गाड़ी सीधी हो गई।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। राहगीरों ने वाहन में फंसे सिपाहियों, होमगार्डों काे निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को खुटार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पुलिस के वाहन ने एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस बीच सामने से भी ट्रक आ जाने पर पुलिस की गाड़ी से चालक नियंत्रण खो बैठा। गाड़ी एक पलटा मारती हुई खेत में जाकर सीधी हो गई।
वाहन पलटने से पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी मिली है। उपचार कराया जा रहा है। हादसे के कारणों के बारे में अभी पता नहीं लग सका है।
- प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां
खुटार में यूपी-112 की गाड़ी पलटने से घायल सिपाही अजय कुमार। संवाद
खुटार में यूपी-112 की गाड़ी पलटने से घायल सिपाही अजय कुमार। संवाद
खुटार में यूपी-112 की गाड़ी पलटने से घायल सिपाही अजय कुमार। संवाद
खुटार में यूपी-112 की गाड़ी पलटने से घायल सिपाही अजय कुमार। संवाद