मीरानपुर कटरा। गेहूं की फसल की रखवाली कर रहे दो गांव के किसानों में छुट्टा पशुओं को लेकर विवाद हो गया। गोकशी की झूठी सूचना देने पर पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन किसानों को गिरफ्तार कर उनका शांतिभंग में चालान कर दिया।
शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे ग्राम मिल्कीपुर खैरपुर निवासी आमिर हुसैन व ग्राम छिड़कापुर निवासी नाहिद हुसैन अपने खेत पर छुट्टा पशुओं से फसल की रखवाली कर रहे थे। आमिर हुसैन के पड़ोसी वीरेश यादव ने अपने खेत में छुट्टा पशुओं को खदेड़ दिया। इस पर वीरेश यादव, अमरीश यादव ने आमिर हुसैन से नाराजगी जताई। पशुओं को उनके खेत में भगाने का आरोप लगाया।
इसके बाद दोनों ने पशुओं को भगाकर आमिर हुसैन के खेत में कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ। छिड़कापुर गांव के किसानों ने आमिर हुसैन व नाहिद हुसैन पर गोकशी का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दे दी। सीओ ज्योति यादव, थाना प्रभारी जुगलकिशोर पाल के साथ मौके पर पहुंचीं। छुट्टा पशुओं को लेकर झगड़ा कर रहे वीरेश यादव, अमरीश यादव व आमिर हुसैन को हिरासत में लेकर उनका चालान कर दिया। सीओ ज्योति यादव ने बताया कि विवाद कर रहे दोनों पक्षों के लोगों का चालान किया गया है।