थाना रामचंद्र मिशन पुलिस की हिरासत में आलू व्यापारी से रुपए चोरी करने के आरोपी
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। थाना रामचंद्र मिशन पुलिस ने आलू व्यापारी अनिल गुप्ता के साथ हुई लूट के मामले को चोरी में दर्ज किया है। हालांकि पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया। उनके कब्जे से लूटे गए 2600 रुपये बरामद हुए हैं। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव रौसर कोठी निवासी आलू व्यापारी अनिल गुप्ता शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे मोपेड से रोजा मंडी जा रहे थे।
रास्ते में बाड़ीगांव मार्ग पर पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उनकी मोपेड पर टक्कर मार दी। इससे अनिल गिर गए। तब लुटेरों ने उनसे मारपीट कर रुपये लूट लिए थे। मामले में पुलिस ने अनिल की ओर से पांच हजार रुपये चोरी किए जाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की। प्रभारी निरीक्षक थाना रामचंद्र मिशन रवि कुमार ने बताया कि मामले में अनुरोध उर्फ लुक्का तथा रजनीश निवासी गांव चक परमाली थाना रामचंद्र मिशन को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 2600 रुपये बरामद हुए हैं। आरोपी अनुरोध के खिलाफ इससे पूर्व 13-जी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया।