ाहजहांपुर के तारीन जलालनगर में बिजली को सही करते कर्मचारी संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। बारिश के बाद मंगलवार को क्षतिग्रस्त हुईं 11 केवी हाईटेंशन लाइनों में सुधार के बाद भी देर रात से सुबह तक ट्रिपिंग होती रही। इस कारण बार-बार बत्ती गुल होती रही। यही नहीं, बुधवार को दोपहर तेज धूप निकलने से गर्मी बढ़ी तो बिजली की खपत बढ़ने के साथ लाइनें ओवरलोड होकर फिर से ट्रिपिंग करने लगीं। उधर, ग्रामीण क्षेत्रों में 12 से 14 घंटे की बेहिसाब कटौती होने से गांवों में लोग बिजली को तरस रहे हैं।
बीते दिन बारिश के दौरान तेज हवा चलने से गर्रा फाटक पर राजघाट पुलिस चौकी के सामने 11 केवी लाइन का एक जर्जर पोल उखड़कर गिर गया था। पोल गिरने से लाइन पर खिंचाव पड़ा तो तार भी टूटकर आपस में उलझ गए। इस लाइन फाल्ट के चलते कच्चा कटरा फीडर से जुड़े क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति दोपहर 12.30 बजे से शाम छह बजे के बाद तक प्रभावित रही। बाद में क्षेत्रीय अवर अभियंता आदर्श कुमार ने लाइन ठीक कराकर चालू कराई, लेकिन बाद में शार्ट सर्किट की समस्या पैदा होने से देर रात तक बार-बार फीडर बंद होता रहा।
उधर, इसी दौरान ककरा कलां बिजली उपकेंद्र के आनंदपुरम फीडर की 11 केवी लाइन का अर्थ वायर तेज अंधड़ में टूट जाने से करीब डेढ़ घंटे तक आसपास के इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप रही। बाद में लाइन चालू होने पर भी ओवरलोडिंग से रात में कई बार ट्रिपिंग हुई। सुबह करीब नौ बजे इसी लाइन के जंपर जल जाने से करीब एक घंटा तक बिजली आपूर्ति ठप रही।
यही नहीं, गोविंदगंज उपकेंद्र से निकले तारीन टिकली फीडर की लाइन के जंपर जल जाने से तारीन टिकली, नई कॉलोनी, तारीन बहादुरगंज आदि क्षेत्रों में रात दो बजे से करीब डेढ़ घंटा तक बिजली आपूर्ति ठप रही। हालांकि, क्षेत्रीय अवर अभियंता जयंत गोस्वामी ने लाइन में रात के वक्त कोई खराबी आने से इनकार किया।