शाहजहांपुर के जीएफ कॉलेज में क्रिकेट खेलती छात्राएं । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। यूपी क्रिकेट की टीम के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई। जनपद स्तर से ट्रायल के बाद कानपुर में अपनी प्रतिभा दिखाने के बाद टीम में जगह बनाने के लिए युवा खिलाड़ी परेशान हैं, लेकिन यह सिर्फ पुरुषों के लिए मौका नहीं है। जनपद की क्रिकेट खेलने की शौकीन लड़कियां भी अपना नामांकन कर करियर की राह आसान कर सकती हैं। शाहजहांपुर क्रिकेट एसोसिएशन ने लड़कियों को ट्रायल में आने के लिए गुजारिश की है। एसोसिएशन के सचिव आनंद पाठक ने बताय कि महिलाओं के लिए क्रिकेट में करियर की अपार संभावनाएं हैं। खिलाड़ियों को बस आगे आकर अपना हुनर दिखाकर टीम में जगह बनाना होगी।
जनपद के दो कॉलेजों में क्रिकेट के लिए उत्साही छात्राओं की टीम बनने के बाद शाहजहांपुर क्रिकेट एसोसिएशन ने भी गर्ल्स पॉवर को अपना हुनर दिखाने के लिए रास्ता दे दिया। बेहतर खिलाड़ी जनपद स्तरीय ट्रायल को पास करने के बाद उन्हें यूपी की टीम तक ले जाने के लिए प्रयास तेज हो गए हैं। एसोसिएशन के सचिव आनंद पाठक ने बताया कि लड़कियों की क्रिकेट टीम को बनाने के लिए तीन वर्ष पहले काफी प्रयास किया था, लेकिन 11 सदस्यीय टीम तैयार नहीं होने के कारण मकसद में कामयाब नहीं हो सके।
खुशी की बात है कि दो कॉलेजों में महिला क्रिकेट की टीम बन गईं। उम्मीद है कि क्रिकेट की जिला स्तरीय टीम भी जल्द बन जाएगी। उन्होंने बताया कि यूपी की टीम के लिए जनपद स्तरीय ट्रायल के नामांकन एक अप्रैल से शुरू हो गए हैं। लड़कियां भी रोटी गोदाम स्थित अन्नापूर्णा कैटर्स से फार्म लेकर रजिस्ट्रेशन करवा लें। उनका ट्रायल लेने के बाद चयन कर उन्हें कानपुर में होने वाले ट्रायल में भेजा जाएगा। प्रतिभा के आधार पर वहां चयन होने पर आगे खेलने का मौका मिलेगा।
टीम बनाकर बरेली या अन्य जनपदों से कराएंगे मैच
छात्राओं की दो टीमों के बनने से उत्साहित शाहजहांपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव आनंद पाठक ने बताया कि बेहतर खेलने वाली 11 लड़कियों का चयन करने के बाद उनकी टीम को बनाया जाएगा। उसके बाद बरेली या अन्य जनपदों की टीम से उनका मैच कराया जाएगा।