खुटार रेंज में खुटार, पुवायां और खुटार गोला मार्ग पर घटिया ईंट से बनाए जा रहे ट्री गार्ड घोटाले को छिपाने के लिए ट्री गार्ड को गेरू से रंग कर अव्वल ईंट की तरह दिखाने के प्रयास का काम शुरू कर दिया गया है।
गौरतलब है कि खुटार रेंज में खुटार से पुवायां और गोला रोड के दोनों ओर वन विभाग की ओर से पेड़ों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड बनवाए जा रहे हैं। ट्री गार्डों में घटिया ईंट आदि लगाई गई है। भाकियू सहित कई संगठनों ने मामले की शिकायत वन मंत्री, मंडलायुक्त, डीएम से करते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। अमर उजाला ने इस खबर को बृहस्पतिवार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया और पीली ईंट को छिपाने के लिए ट्री गार्ड को गेरू से पोतने को काम शुरू करा दिया गया। गेरू से पुताई पर ट्री गार्ड की ईंट दूर से देखने पर अव्वल जैसी लग रही है। ट्री गार्ड रंग रहे श्रमिक ने बताया कि उसे पुताई करने को कहा गया है। पुताई क्यों कराई जा रही है? इस बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। फारेस्टर कामता प्रसाद वर्मा ने बताया कि बनाए गए सभी ट्री गार्ड को गेरू से रंगवाने के निर्देश हैं। ईंट को अव्वल जैसा दर्शाने के लिए पुताई नहीं कराई जा रही है। निर्माण मानक के अनुरूप ही कराया गया है। ट्री गार्ड में दोयम और तृतीय ईंट का प्रयोग किया जाना चाहिए। पीली ईंट का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। मामले की जांच कराई जाएगी। ट्री गार्ड में घटिया सामग्री मिली तो कार्रवाई होगी। - एनके सिंह, डीएफओ शाहजहांपुर