पूर्वोत्तर रेलवे का शाहजहांपुर स्टेशन
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के शाहजहांपुर-पीलीभीत स्टेशनों के बीच यात्री ट्रेनें के संचालन का इंतजार लंबा ही होता जा रहा है। रेलवे अधिकारी भी यह नहीं बता पा रहे कि ट्रेनों का संचालन कब तक होगा। अब संभावना जताई जा रही है कि बरसात के बाद शाहजहांपुर से पीलीभीत रूट पर ट्रेनें चल सकती है। रेलवे के बड़े अधिकारी यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि बरसात में ट्रैक कितना मजबूत है।
वर्ष 2018 से शाहजहांपुर-पीलीभीत रेल मार्ग पर आमान परिवर्तन का कार्य शुरू हुआ था। इसके पूरा होने के बाद मालगाड़ी कोयला फैक्टरियों के लिए माल ढोने लगी हैं। अभी यात्री ट्रेन का संचालन नहीं हो रहा है। जबकि 26 मार्च को पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम अनुपम शर्मा निरीक्षण कर चुके हैं। इसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि शाहजहांपुर-पीलीभीत रेल सेक्शन पर यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा।
जीएम ने प्रमुख विभागाध्यक्षों व डीआरएम के साथ इज्जतनगर मंडल के शाहबाजनगर-निगोही-पीलीभीत-भोजीपुरा रेल खंड का वार्षिक संरक्षा निरीक्षण किया था। इसके बाद पीलीभीत से भोजीपुरा तक स्पीड ट्रायल भी किया गया था। इसमें ट्रेन को 120 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाया गया। जिसमें ट्रैक पूरी से पास हो गया। मगर अभी रेलवे के उच्चाधिकारी कोई रिस्क नहीं लेना चाहते हैं, इसलिए ट्रैक के तैयार होने के बाद एक बरसात का इंतजार किया जा रहा है ताकि ट्रैक की मजबूती का पता चल सके।
शाहजहांपुर-पीलीभीत रूट पर यात्री ट्रेनों के संचालन को लेकर अभी कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। रेलवे ट्रैक पूरी तरह से तैयार है, उच्चाधिकारियों द्वारा निरीक्षण भी किया जा चुका है। ऐसा लग रहा है कि बरसात तक ट्रैक की मजबूती का निरीक्षण किया जाएगा, इसके बाद यात्री ट्रेनों का संचालन संभव है। - मनोज कुमार सिंह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, रेलवे