शाहजहांपुर। रोजा-शाहजहांपुर के बीच हथौड़ा गांव में दमा नाला के पास दुर्गा इंक्लेव के पीछे किमी संख्या 1232/22 पर रात में किसी समय डाउन लाइन की पटरी चटक गई। पूरी रात चटकी पटरी से मालगाड़ियां गुजरती रहीं। सुबह चाबीमैन की नजर पड़ने पर पटरी फ्रैक्चर होने की जानकारी हुई, गनीमत रही कि पटरी चटकने से कोई हादसा नहीं हुआ।
लॉकडाउन के कारण इस समय यात्री गाड़ियों का संचालन पूरी तरह से बंद है। रेलवे की ओर से सिर्फ मालगाड़ियों का संचालन ही किया जा रहा है। इस बीच रेल पटरियों की मरम्मत का काम भी लगातार जारी है। इसके बाद भी सोमवार रात को रोजा-शाहजहांपुर के बीच रेल पटरी चटक गई और रातभर उसके ऊपर से गाड़ियां गुजरती रही। सुबह जब चाबीमैन राजीव कुमार ने पटरी चटकी देखी तो पावर केबिन और कंट्रोल को सूचना दी। इसके साथ ही अपने अधिकारियों को भी बताया। रेल फ्रैक्चर की सूचना पर हड़कंप मच गया। रेल पथ निरीक्षक अरुण कुमार सक्सेना, रेल पथ उपनिरीक्षक सूरजमल मीणा दल-बल के साथ मौके पर गए और जॉगल प्लेट बंधवाकर कॉशन पर ट्रेन संचालन शुरू कराया गया।
शाहजहांपुर स्टेशन पर रोकी गई मालगाड़ियां
पटरी फ्रैक्चर होने की जानकारी होने पर तुरंत ही ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया। इसके बाद चटकी पटरी पर जॉगल प्लेट बांधी गई, जिससे ट्रेनों को 30 किमी की स्पीड से गुजारा जा सके। करीब आधा घंटे बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका। इस बीच दो मालगाड़ियां शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। दोपहर बाद ब्लॉक लेकर पटरी बदलने का काम किया गया।
सुबह के टाइम रेल फ्रैक्चर हुआ था, जिसकी सूचना पर जॉगल प्लेट बांधकर ट्रेनें चालू कर दी गई। इस बीच कोई ट्रेन काफी देर तक नहीं निकली। सिर्फ दो ट्रेन आधा घंटा शाहजहांपुर में खड़ी रहीं। - अरुण कुमार सक्सेना, रेल पथ निरीक्षक रोजा