शाहजहांपुर। क्रॉसिंग पर रेलवे ट्रैक के बीच डीसीएम वाहन के फंसने से रेल यातायात प्रभावित हो गया। डीसीएम के खराब होने की सूचना पर कंट्रोल के आदेश पर मालगाड़ी को पीछे के स्टेेशनों पर रोक दिया गया। डेढ़ घंटे बाद ट्रैक को खाली करवाया जा सका।
रोजा-शाहजहांपुर के बीच अटसलिया गांव के पास स्थित गेट नंबर 318 पर सुबह नौ बजे सीतापुर की ओर से आने वाला डीसीएम वाहन खराब होकर रेलवे ट्रैक के बीचों बीच फंस गया। गेटमैन विजय कुमार ने तुरंत इसकी सूचना पावर केबिन और कंट्रोल को दी। कंट्रोल के आदेश पर पीछे से आने वाली मालगाड़ी को रोक दिया गया। आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से डीसीएम को रेलवे ट्रैक से हटवाया। इसमें डेढ़ घंटे का समय लग गया। ट्रैक खाली होने के बाद मालगाड़ी को रवाना किया गया।
वहीं, शाहजहांपुर-सीतापुर पैसेंजर सुबह 7:00 बजे की बजाय 10:00 बजे रोजा आई। जिसका इंतजार करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हुई। स्टेशन अधीक्षक जेपी सिंह से बताया कि रोजा रेलवे स्टेशन पर लाइन खाली नहीं थी, इस कारण शाहजहांपुर-सीतापुर पैसेंजर तीन घंटे देरी से आई।