लखनऊ-दिल्ली रेलवे रूट पर शाहजहांपुर के अटसलिया क्रॉसिंग पर खराब खड़ा ट्रक।
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली रेलवे मार्ग पर रोजा व शाहजहांपुर के बीच अटसलिया के पास गेट नंबर 318 पर बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे एक ट्रक अचानक खराब हो गया। रेलवे पटरी पर ट्रक खड़ा होने से लखनऊ और दिल्ली को आने जाने वाली अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का संचालन बंद हो गया। इससे यात्री खासे परेशान रहे। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रेलवे फाटक से ट्रक हटाया जा सका। कहीं तब जाकर ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ।
लखनऊ-दिल्ली रेलवे लाइन पर स्थित गेट नंबर 318 के गेटमैन विकास कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार रात 12 बजे वह ट्रेन नंबर 05274 सत्याग्रह एक्सप्रेस को पास करने के लिए गेट बंद करने चले। तभी फाटक से होकर गुजर रहा एक ट्रक रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर बंद हो गया। चालक ने ट्रक आगे बढ़ाने की काफी कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं हुआ। आखिर में गेटमैन ने पॉवर केबिन और कंट्रोल को रेलवे क्रॉसिंग के बीच ट्रक खराब होने की सूचना दी। इस कारण बरेली की ओर से आ रही सत्याग्रह एक्सप्रेस को होम सिग्नल पर रोकना पड़ा। इसके अलावा पद्मावत एक्सप्रेस को शाहजहांपुर स्टेशन, सुहेलदेव एक्सप्रेस को बंथरा स्टेशन पर रोक दिया गया। वहीं लखनऊ की ओर से से आने वाली लखनऊ मेल को रोजा रेलवे स्टेशन और पद्मावत एक्सप्रेस, दुरंतो सुपरफास्ट एक्सप्रेस को उसके पीछे रेलवे स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
उधर, कंट्रोल के निर्देश पर आरपीएफ की टीम मौके पर जा पहुंची। फिर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक को रेलवे क्रॉसिंग से हटाया जा सका। तब कहीं रात दो बजे के बाद अप व डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका। हालांकि खराब हुआ ट्रक शुक्रवार सुबह 5:30 बजे ठीक किया जा सका। जिसकी वजह से सड़क मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।
बृहस्पतिवार रात को अटसलिया रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर 318 पर ट्रक खराब हो गया था। इसकी वजह से दो घंटे तक ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। आरपीएफ ने ट्रक को अपने कब्जे में लेने के साथ उसके मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। - जेपी सिंह, स्टेशन अधीक्षक रोजा