शाहजहांपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को दुुरुस्त रखने के लिए ट्रैफिक सिस्टम को व्यवस्थित किया जाएगा। इसके लिए 13 प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे और कैमरे भी लगेंगे। इसके बाद ट्रैफिक नियम तोड़ने पर वाहन का ऑटोमैटिक चालान हो जाएगा। यह व्यवस्था अगले साल फरवरी में चालू होने की संभावना है।
नगर निगम की ओर से आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) की स्थापना के लिए एमनेक्स्ट इन्फो टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड अहमदाबाद से करार किया गया है। यह कंपनी शहर के 13 चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने का काम करेगी, इसके अलावा एक कंट्रोल कमांड सेंटर भी बनाया जाएगा। जहां से चौराहों पर लगे ट्रैफिक सिग्नल को कंट्रोल किया जाएगा। इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम की स्थापना की ओर कदम बढ़ा दिए गए। 21 अगस्त से इस कार्य पर काम शुरू कर दिया गया है। इस काम को पूरा करने के लिए 41.07 करोड़ रुपये की धनराशि नगर निगम को प्राप्त हुई है।
सहायक अभियंता सिविल विपुल कुमार ने बताया कि ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, नॉन आईटीएस साल्यूशन, इंफ्रास्ट्रक्चर मेंटीनेंस एंड मैनेजमेंट सिस्टम, इंटीग्रेटेड विद क्लाउड बेस्ड आईसीसीसी, ट्रैफिक रूल्स इनफोर्समेंट सिस्टम, ट्रैफिक मॉनीटरिंग एंड सर्विलांस सिस्टम आदि का कार्य कराया जाएगा।
मिल चुकी है 25 प्रतिशत धनराशि
- राज्य राज्य स्मार्ट सिटी मिशन योजना के अंतर्गत स्मार्ट सिटी घोषित होने के बाद परियोजना के लिए प्रथम किस्त के रूप में 25 प्रतिशत धनराशि जारी नगर निगम को पहले ही जारी कर दी गई थी। प्राप्त धनराशि 10.26 करोड़ रुपये से ही आईटीएमएस की स्थापना का काम शुरू किया गया है।
इन 13 चौराहों पर लगेंगे ट्रैफिक सिग्नल
- शहर के खिरनीबाग चौराहा, अंटा चौराहा, लाल इमली चौराहा, महिला थाना चौराहा, मेजबान तिराहा, घंटाघर चौराहा, पुत्तूलाल चौराहा, सुभाष चौराहा, बरेली मोड़ चौराहा, हरदोई रोड चौराहा पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे। इसी तरह से कवि तिराहा, केरुगंज तिराहा, गर्रा फाटक तिराहा पर भी ट्रैफिक सिग्नल लगाने का काम किया जाएगा। कंट्रोल कमांड सेंटर की स्थापना टाउनहाल स्थित वाटर एटीएम की बिल्डिंग में की जाएगी।