शाहजहांपुर के लाल इमली चौराहे पर लगा जाम में फंसे वाहन । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। सोमवार दोपहर करीब एक बजे अंटा चौराहा पर भीषण जाम लग गया। केरूगंज, चारखंभा और कच्चा कटरा के पास भी लोग काफी देर तक जाम में फसे रहे। करीब एक घंटे बाद जैसे-तैसे रेंगते हुए वाहन जाम से निकल सके। वहीं शहर के बाजार में भी भीड़ के कारण कई जगह दिनभर जाम की स्थिति रही।
दोपहर अंटा चौराहा के पास जाम लग गया। चारों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं। जल्दी निकलने के कारण कुछ वाहन सवार कम जगह से वाहनों को निकालने की कोशिश कर रहे थे। इसके कारण जाम खुलने के बजाए बढ़ता चला गया। करीब एक घंटे तक अंटा चौराहा पर दो और चार पहिया वाहन फंसे रहे। जाम को खुलवाने के लिए अंटा चौराहा पर अक्सर होमगार्डों की तैनाती रहती है, जो नकाफी साबित होती है।
यहां पर आए दिन जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ता है। धनतेरस को लेकर बहादुरगंज रोड को बंद कर दिया है। घंटाघर के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों को टेलीफोन एक्सचेंज वाले रोड और उसके पास लकड़ी मंडी वाले रोड की तरफ मोड़ दिया है। ऐसे में सभी वाहन सवार लोग दूसरी रोड से गुजर रहे हैं। टेलीफोन एक्सचेंज से आगे झंडाकलां के पास जाम लग गया।
जहां पर करीब आधा घंटा जाम लगने के बाद जैसे-तैसे लोग वहां से निकल सके। इसी तरह धनतेरस को लेकर चौक और मंडी में भी काफी भीड़ है। चार पहिया वाहनों को बाजारों में ले जाने के कारण रोड पर जगह नहीं बचती है। इसी कारण कच्चा कटरा से लेकर मालखाना मोड़ तक जाम में लोग फंसे रहे।
चारखंभा से लेकर केरूगंज तक रोड पर फुटपाथ बनाने का कार्य चल रहा है। रोड पर रेत और बजरी डाल दी गई है। इसकी वजह से रोड पर जगह कम होने से एक साथ चार पहिया वाहन आने से फंस जाते हैं। दोपहर करीब दो बजे चारखंभा से केरूगंज तक लोग जाम से जूझते रहे।