जलालाबाद में शाहजहांपुर रोड पर रोके गए व्यावसायिक वाहनों की लगी लम्बी लाइन। संवाद
जलालाबाद (शाहजहांपुर)। सावन के दूसरे सोमवार को जलाभिषेक के लिए कांवड़ यात्रा के निर्धारित मार्गों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से रूट डायवर्जन की तयशुदा व्यवस्था शुक्रवार से फिर लागू कर दी गई। इसके तहत फर्रुखाबाद की तरफ से आने और शाहजहांपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को याकूबपुर तिराहा से बरेली हाईवे होकर मीरानपुर कटरा की ओर भेजा गया। इसी तरह शाहजहांपुर और बरेली से फर्रुखाबाद जाने वाले वाहनों को याकूबपुर तिराहे पर रोक दिया गया। डायवर्जन की यह व्यवस्था मंगलवार सुबह तक लागू रहेगी।
सरकारी बसों पर डायवर्जन लागू नहीं किया गया और उनका संचालन पहले की तरह ही होता रहा। शाहजहांपुर हाईवे पर बसों व अन्य चार पहिया छोटे वाहनों के लिए डिवाइडर के दाहिनी तरफ और कांवड़ियों के आने-जाने को बाई लेन सुरक्षित रखी गई। डायवर्जन का पालन कराने के लिए फर्रुखाबाद हाईवे पर बझेड़ा चौराहा और कोला मोड़ तथा शाहजहांपुर हाईवे पर याकूबपुर तिराहे से लेकर उबरिया मंदिर तक कई स्थानों को हादसों के लिहाज से संवेदनशील मानते हुए वहां सिपाहियों की तैनाती की गई।
-
हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंजने लगे राजमार्ग
जलाभिषेक के लिए गंगाजल लेने जाने वाले और घाटों से गंगाजल की कांवड़े भरकर लाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे और शाहजहांपुर हाईवे पर हर-हर महादेव का उद्घोष बढ़ गया है। शनिवार को सुबह से ही गोला जाने वाले कांवड़ियों के जत्थे निकलना शुरू हो गए और यह क्रम देर शाम तक जारी रहा। कई श्रद्धालु अलग अलग जत्थों में 31, 41 व 51 लीटर गंगाजल से भरे कलशों की कांवड़ कंधे पर रखकर जाते रहे।
कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर नवयुवक कांवड़िया मंगल दल की ओर से कोला मोड़ पर भंडारा शुरू कर दिया गया जो आगामी तीन दिनों तक चलेगा। रविवार से कांवड़ियों की संख्या और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है।
-
गंगा एक्सप्रेसवे का इंटरचेंज किया बंद
प्रशासन ने फर्रुखाबाद और यहां के वाहनों का गंगा एक्सप्रेसवे पर प्रवेश रोकने के लिए उसके इंटरचेंज को भी आवागमन के लिए प्रतिबंधित कर शुक्रवार की रात वहां बैरीकेडिंग करा दी। यह रास्ता कांवड़ यात्रियों के लिए निर्धारित रूट की तरफ बना होने के कारण सुरक्षा के लिहाज से बंद किया गया है। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि सावन के दूसरे सोमवार तथा अगले दिन शिवरात्रि का पर्व होने के कारण कांवड़ियों की संख्या में वृद्धि होने के कारण यह व्यवस्था की गई है।
जलालाबाद में शाहजहांपुर रोड पर रोके गए व्यावसायिक वाहनों की लगी लम्बी लाइन। संवाद