सरकार की ओर से टोल टैक्स और टीडीसी लेने के विरोध में जनता ट्रक स्वामी वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जमकर हंगामा किया और केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश में एक अक्तूूबर को प्रस्तावित हड़ताल के तहत चक्का जाम करने की घोषणा की है।
रविवार सुबह रोजा साइडिंग में लोडिंग के समय एसोसिएशन के महामंत्री मोहम्मद आसिफ खां की अगुवाई में तमाम पदाधिकारी इकट्ठे हुए। साइडिंग में जमकर नारेबाजी की गई। महामंत्री आसिफ ने कहा कि केंद्र सरकार टोल टैक्स को खत्म करे और हमारे ट्रकों को न रोका जाए। जो भी खर्चा आएगा वह एआरटीओ कार्यालय में जमा करने को तैयार हैं।
बता दें कि देश भर में ट्रकों की हड़ताल का नोटिस जारी किया गया है। ट्रांसपोर्ट के पदाधिकारियों का कहना है कि पूरे देश में टोलटैक्स के रूप में ट्रकों से 15 हजार करोड़ रुपये की वसूली की जाती है, जिसको यूनियन देने को तैयार है। यूनियन के लोगों का मानना है कि टोल टैक्स के लिए बैरियर पर ट्रकों के रुकने से करीब 80 हजार करोड़ रुपये का नुकसान सिर्फ डीजल व्यय के रूप में ट्रक मालिक का होता है।
इसके अलावा माल भाड़े की ढुलाई के रूप में मिले भाड़े से टीडीएस काटने की प्रथा को भी समाप्त किया जाए। इन्हीं मांगो को लेकर ट्रांसपोर्ट के केन्द्रीय नेतृत्व एक अक्तूूबर को देशव्यापी हड़ताल का नोटिस केंद्र और राज्य सरकारों को दिया है।
एसोसिएशन अध्यक्ष जगतबंधु रघुवंशी ने स्थानीय स्तर पर ओवरलोड वाहनों की नियमित चेकिंग, कर्मशियल के रूप में चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोकने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में खालिद खां, सीबू खां, साजिद खां, हरेंद्र सिंह, पप्पू, अमर गुप्ता, रामकिशोर दीक्षित, इब्बन मियां सहित तमाम ट्रक स्वामी और चालक मौजूद रहे।