पुवायां। युवती को अगवा करने पहुंचे दो लोगों को युवती के परिजनों ने मोहल्ले के लोगों की मदद से पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। आरोपियों का एक साथी मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुवायां के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि मोहल्ला कसभरा मठिया निवासी विक्की विकास, शिवम उनकी शादीशुदा पुत्री को कॉल कर अश्लील बातें कर परेशान कर रहे थे। पुत्री के विरोध करने पर अलग-अलग मोबाइल नंबरों से बड़ी और छोटी पुत्री को कॉल करने लगे और धमकी देने लगे।
दस अगस्त की रात नौ बजे तीनों आरोपी लाठी, डंडे लेकर घर में घुस आए और पुत्री के साथ अश्लील हरकतें करते हुए खींच कर ले जाने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए पिटाई करने लगे और जान से मारने की धमकी दी।
शोर सुनकर मोहल्ले के लोग आए तो विक्की और विकास को मौके पर ही पकड़ लिया गया। शिवम मौके से भाग निकला। लोगों ने आरोपियों की पिटाई भी कर दी। रात में ही पीड़ित और मोहल्ले के लोग आरोपियों को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों से घटना की जानकारी लेने के बाद युवती के पिता की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर दोनों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया है।
पीड़ित ने आरोपी और उनके परिजनों से जान का खतरा बताया है। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।