कलान (शाहजहांपुर)। गंगा में उफान बढ़ने से बाढ़ का पानी एक दर्जन गांवों के आसपास भरने के साथ ही कई मार्गों के ऊपर आ गया है। एडीएम वित्त अरविंद कुमार ने एसपी ग्रामीण दीक्षा भांवरे अरुण के साथ सोमवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद जलालाबाद-शमशाबाद स्टेट हाईवे समेत मिर्जापुर-ढाईघाट वाया जरियनपुर मार्ग सुरक्षा के लिहाज से यातायात के लिए बंद करा दिया है।
जलालाबाद-शमशाबाद स्टेट हाईवे पर फर्रुखाबाद के चौरा गांव से लेकर तहसील क्षेत्र के बसोला गांव तक करीब तीन किमी के दायरे में तीन फुट से ज्यादा पानी चल रहा है। इसी हाईवे पर गुटेटी गांव के पास रविवार की शाम बच्चों समेत दंपती की बाइक पानी में बह जाने से महिला समेत उसकी बेटी की मौत हो गई थी।
गंगा नदी के किनारे बसे आजादनगर, इस्लामनगर, मस्जिद नगला, पैलानी उत्तर, बांसखेड़ा, कटैला नगला, लुहार नगला, मोती नगला,अभिचारपुर, कमतरी, चितार आदि गांव बाढ़ के पानी से चारों ओर घिरकर टापू में बदल गए हैं।