समग्र शिक्षा माध्यमिक के तहत निर्मित विद्यालय भवन। संवाद
शाहजहांपुर। समग्र शिक्षा माध्यमिक के तहत ब्लॉक मदनापुर व कटरा-खुदागंज में तीन विद्यालयों के नवनिर्मित भवन गुणवत्ता की जांच का इंतजार कर रहे हैं। जांच के बाद ही इनको हैंडओवर किया जा सकेगा। ब्लॉक भावलखेड़ा के दो विद्यालय भवनों का काम पूरा नहीं हो पाया है।
जिले के पांच राजकीय हाईस्कूलों का निर्माण शुरू करवाया गया था। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गांव से ज्यादा दूर जाकर शिक्षा प्राप्त नहीं करनी पड़ेगी। ब्लॉक मदनापुर के बौरी तथा महोलिया व कटरा के रमापुर उत्तरी में राजकीय हाईस्कूल के भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है। इनमें प्रत्येक विद्यालय भवन के लिए 69.51 लाख रुपये खर्च किए गए। पूर्ण रूप से निर्मित इन तीन राजकीय हाईस्कूलों के भवनों को माध्यमिक शिक्षा विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। इनकी गुणवत्ता की जांच होनी है।
इसके लिए फरवरी में ही समिति के गठन को लेकर डीआईओएस कार्यालय से फाइल डीएम कार्यालय भेज दी गई थी। डीएम के निर्देश पर समिति गठित भी कर दी गई, इनमें प्रशासन, निर्माण व शिक्षा विभाग तीनों के अधिकारी हैं। जिनको जांच करना है, लेकिन तीन माह बीतने के बाद भी जांच पूरी नहीं हो पाई। ऐसे में विद्यालयों को हैंडओवर किए जाने की कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी।
दो विद्यालय भवनों के निर्माण में आड़े आई दूसरी किस्त
ब्लॉक स्तर पर राजकीय हाईस्कूल के भवनों का निर्माण कार्य पांच महीने पहले ही पूरा हो जाना था, लेकिन दूसरी किस्त मिलने में देरी की वजह से निर्माण में विलंब होता गया। हालांकि, अब कार्यदायी संस्था यूपी सिडको के अधिकारियों का कहना है कि विद्यालयों के भवनों में फिनिशिंग काम ही बाकी है।
तीन विद्यालयों भवनों का निर्माण पूरा है और जांच समिति द्वारा गुणवत्ता की जांच कर रिपोर्ट सौंपी जानी है। दो भवनों की फिनिशिंग का कार्य भी जल्द पूरा होने की संभावना है। इसके बाद सभी विद्यालय भवनों को हैंडओवर कराया जाएगा, जिससे शिक्षण कार्य शुरू हो सकेगा।
- हरिवंश कुमार, डीआईओएस