तिलहर: मशीन और ट्रैक्टर में उतरा करंट
तिलहर क्षेत्र के रतूली गांव के सुरजीत कुमार मिक्सर मशीन से मकानों के लिंटर डालने का काम करते हैं। वह सोमवार दोपहर ट्रैक्टर से मशीन लेकर गुलचंपा गांव में लिंटर डालने जा रहे थे। मशीन के साथ ट्रैक्टर में लगभग 11 मजदूर भी सवार थे। डभौरा गांव के पास मशीन रास्ते पर लटकते हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। इससे मशीन और ट्रैक्टर में करंट आ गया।
यह भी पढ़ें- UP News: पीलीभीत में टनकपुर हाईवे पर दो बाइकों की भिड़ंत, बरेली के युवक की मौत, पांच अन्य घायल
ट्रैक्टर के पहिए फटे
करंट से ट्रैक्टर के पहिए तेज धमाके के साथ फट गए और मशीन के पास बैठे रतूली गांव के 20 वर्षीय विमलेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। करंट लगने से ट्रैक्टर पर सवार जगदीश कुमार, सोनू मौर्य, अजय मौर्या, भगवान दास व राजीव मौर्य गिरकर घायल हो गए। लोग विद्युत निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराने लगे। विमलेश की मौत से उनकी मां मोरकली, भाई बबलू व राजन और बहन सुलोचना, मंजू ,शकुंतला और राजेश्वरी का रो-रोकर बुरा हाल है।
डभौरा के पास करंट से युवक की मौत के बारे में आरंभिक जानकारी मिली है कि लिंटर डालने वाली मिक्सर मशीन की ऊंचाई ज्यादा होने से वह हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। घटना की विभागीय जांच होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - कैलाश चंद्र, उपखंड अभियंता, विद्युत निगम, तिलहर