रोजा। कैलाश नगर काॅलोनी में किराये के मकान में रह रहे पुवायां क्षेत्र के गांव सतवां निवासी हरिसेवक के मकान में रविवार रात चोर घुस गए। चोर कमरे में अलमारी खोलकर उसमें रखे सात हजार रुपये समेत सोने-चांदी के जेवर समेटकर भाग गए।
हरि सेवक ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम वह एक काम से अपने गांव चले गए थे। घर में पत्नी रीना और बेटी थी। पत्नी बरामदे में और बेटी कमरे में सो रही थी।
सुबह रीना ने उठकर कमरे में अलमारी खुली और सारा सामान बिखरा देख उन्हें सूचना दी। चोर अलमारी में रखे जेवर और नकदी ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की, लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग सका। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही हैं। संवाद