घर में लगी नकब दिखाते हसमुद्दीन
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। चोरों ने खुटार के गांव नवदिया नवाजपुर में मंगलवार की रात एक घर में नकब लगाकर दो भाइयों की नकदी और जेवर चोरी कर लिए। पीड़ित ने तहरीर दी है, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। एक दिन पहले ही गांव सलनहा में दो घरों में चोरी हो चुकी है। उसकी भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
खुटार के गांव नवदिया नवाजपुर निवासी हसमुद्दीन ने बताया कि वह अपने दो भाइयों गुड्डू और मोइनुद्दीन के साथ सड़क किनारे खेत में मकान बनाकर रहते हैं। मंगलवार शाम परिवार के लोग घर के बरामदे में सो गए। रात ढाई बजे पत्नी महबीना खातून बच्ची के लिए दूध लेने कमरे में गई। वहां नकब लगा देख महबीना ने शोर मचाया तो परिवार में जाग हो गई। कमरे में पहुंचे तो तमाम घरेलू सामान बिखरा पड़ा मिला। बक्से में रखे सोने के पांच तोले के जेवरात और पांच हजार रुपये गायब मिले।
चोरों ने गुड्डू के भी कमरे में नकब लगाकर नकदी, जेवर और कपड़े चोरी कर लिए। सूचना पर यूपी-112 पुलिस पहुंची और जांच की। हसमुद्दीन और गुड्डू ने खुटार जाकर पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने जांच की बात कहते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिल गई है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी और शीघ्र ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।