पुवायां के ओम राठौर की हत्या का आरोपी राहुल अग्निहोत्री
- फोटो : POWAYAN
पुवायां (शाहजहांपुर)। शादी समारोह में मामूली विवाद पर युवक के सिर में गोली मारने के आरोपी हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि ओम राठौर ने जयमाल कार्यक्रम के दौरान उसे धक्का मार दिया था। इसको लेकर विवाद होने पर उसने गोली चला दी।
तीन मई की रात पुवायां की कांशीराम कॉलोनी में एक शादी समारोह के दौरान मोहल्ला गढ़ी निवासी हिस्ट्रीशीटर राहुल अग्निहोत्री ने मोहल्ला कुरगंजा निवासी ओम राठौर के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी और लोगों को धमका कर फरार हो गया था। घटना के समय घटनास्थल से एक किमी दूर एडीजी, आईजी और पीलीभीत, शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक भी एक शादी कार्यक्रम में भाग लेने आए थे। सूचना पाकर एसपी एस. आनंद ने मौका मुआयना कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे।
पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी हिस्ट्रीशीटर राहुल अग्निहोत्री को पुवायां के मोहम्मदी रोड स्थित एक मैरिज लोन के पास से पकड़ लिया। उसके पास से एक तमंचा और चार कारतूस भी बरामद हुए हैं। विवेचक इंस्पेक्टर केबी सिंह ने बताया कि पूछताछ में राहुल ने बताया है कि बरात में जयमाल कार्यक्रम के दौरान ओम राठौर ने उसे धक्का मार दिया था। इससे ओम राठौर से कहासुनी हो गई और उसने गोली चला दी, जिससे ओम राठौर की मौत हो गई। राहुल को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुवायां थाने की टॉप टेन सूची में शामिल है राहुल
ओम राठौर की हत्या का आरोपी राहुल पुवायां थाने की टॉप टेन अपराधियों की सूची में शामिल है। थाने पर उसकी हिस्ट्रीशीट भी खुली हुई है। राहुल पर सबसे पहले वर्ष 2017 में बलवा, हत्या का प्रयास, लूट आदि की दो रिपोर्ट दर्ज हुईं थीं। इसके बाद उसके अपराधों की सूची लंबी होती गई। अब उसके खिलाफ विभिन्न अपराधों में दस रिपोर्ट दर्ज हैं।
पुवायां में हुई युवक की हत्या के संबंध में आरोपी राहुल अग्निहोत्री को गिरफ्तार कर लिया गया है। राहुल पुवायां थाने के टॉपटेन अपराधियों की सूची में भी शामिल है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है। तमंचा आने के स्रोत के बारे में जांच चल रही है। उसमें भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। - एस. आनंद, एसपी शाहजहांपुर