खुटार (शाहजहांपुर)। खुटार-गोला रोड पर स्थित पारस ईंट भट्ठे से 17 जून को लापता युवती प्रेमी के साथ दिल्ली चली गई थी। सर्विलांस सेल की मदद से पुलिस ने युवती को खोज लिया है।
लखीमपुर के थाना मोहम्मदी के एक गांव निवासी व्यक्ति भट्ठे पर ईंट पथाई का काम करते हैं। 17 जून की रात झोंपड़ी के बाहर सो रही उनकी 18 वर्षीय पुत्री लापता हो गई थी। परिजनों ने आशंका जताई थी कि युवती को वन्य पशु उठा ले गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर युवती का मोबाइल सर्विलांस पर लगाया था और कॉल डिटेल्स की जांच की थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक साल पहले जनपद सीतापुर के कस्बा सिंधौली के एक ईंट भट्ठे पर काम करने के दौरान युवती का मैगलगंज के युवक से प्रेम-प्रसंग हो गया था। बाद में युवती और उसके परिजन खुटार के ईंट भट्ठे पर आ गए थे, लेकिन युवती की अपने प्रेमी से मोबाइल से बात होती रही।
17 जून की रात युवक बाइक से खुटार आया और युवती को ले जाकर मंदिर में शादी कर ली। बाद में दोनों दिल्ली चले गए, जहां युवक अपने दोस्त के घर रुका था। पुलिस ने जांच के दौरान प्रेमी के दोस्त को पकड़ा तो युवती भी खुटार आ गई। इसके बाद पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि युवती मिल गई है। युवती को ले जाने वाले की तलाश की जा रही है।