शाहजहांपुर। सहालग में सड़कें बरातों के नाम हो गईं हैं। महानगर में शादियां यातायात व्यवस्था का बैंड बजा रही हैं। बरात में डीजे व बैंड की धुनों पर बराती झूमते हैं, लेकिन राहगीरों को जाम से जूझना पड़ता है। मैरिज लॉनों, बैंक्वेट हॉलों व होटलों के सामने बेतरतीब खड़े वाहनों की वजह से लोगों को परेशानी हो रही है।
महानगर में छोटे-बड़े मिलाकर करीब 250 मैरिज लॉन संचालित हैं। पुराने मैरिज लॉनों को छोड़ दें तो गली-मोहल्लों में खाली पड़े मैदानों व प्लाॅटों ने मैरिज लॉन का रूप ले लिया है। सहालग में अधिकतर में रोजाना ही शादियां हो रहीं हैं। शाम ढलते ही डीजे व बैंड के साथ निकलने वाली बरातें लोगों को दुश्वारियों पर डाल रहीं हैं।
लाल इमली चौराहा से घंटाघर के बीच में चार मैरिज लॉन पड़ते हैं। इनमें दो मैरिज लॉन संचालकों ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर निजी स्कूल में पार्किंग की व्यवस्था दी है। इसके बावजूद लोग गाड़ी खड़ी कर आधी सड़क घेरकर चले जाते हैं। संकरा मार्ग हाेने के चलते दो कारें एक साथ नहीं गुजर पाने के कारण मार्ग से निकलना दूभर होता है।
इसी तरह दो अन्य लॉन के पास पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। लाल इमली चौराहा से सुभाषनगर रोड पर बरातों के चलते लोगाें को रोजाना ही जाम से जूझना पड़ता है। अंटा से विसरात मार्ग पर प्रमुख लॉन के पास पार्किंग के नाम पर डेढ़ सौ गज का टुकड़ा है। जबकि बरातों में आने वाले लोगों की संख्या ज्यादा होने के कारण सड़क के दोनों ओर कारों की लंबी लाइन लग जाती है।
जीआईसी तिराहे से लोधीपुर मार्ग पर भी मैरिज लॉन के बाहर ही गाड़ी खड़ी की जाती हैं। मैरिज लाॅन संचालकों के लिए प्रशासन ने कोई गाइडलाइन जारी नहीं की है। इस वजह से लोगों को जूझना पड़ रहा है।
गानों पर बेफिक्र थिरकते बराती...फंसते हैं राहगीर
बरातों में गानों पर झूमते लोग बेफिक्र होकर सड़क घेरकर चलते हैं। बुधवार को लाल इमली चौराहा से पीली मस्जिद की ओर बरात निकल रही थी। महिलाएं व पुरुष थिरक रहे थे, लेकिन सड़क पर लगे जाम से किसी को फिक्र नहीं थी। इसके चलते लोगों को काफी लंबे जाम से जूझना पड़ा। गली के लिंक मार्ग से गुजरने का प्रयास किया तो वहां भी जाम लगा होने से फंसना पड़ा।
तेज आवाज में बजते डीजे, परीक्षार्थी परेशान
18 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा की तैयारियाें में छात्र-छात्राएं जुटे हुए हैं। ऐसे में सहालग में मैरिज लॉन में देर रात तक बजने वाले डीजे से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कोर्ट के निर्देश के बाद भी आधी रात के बाद तक डीजे बजने से नींद बाधित हो रही है। गत दिनों बोर्ड परीक्षा को लेकर आयोजित बैठक में शिक्षकों ने डीएम-एसपी के सामने डीजे को लेकर मुद्दा उठाया था। तब डीएम ने प्रत्येक थाना प्रभारी को निर्देशित करने का आश्वासन दिया था।
-
मैरिज लॉन संचालकों को अपनी पार्किंग की व्यवस्था करनी चाहिए। बैंड वाले भी किनारे चलकर नियमाें का पालन करें, जिससे आमजन को परेशानी नहीं हो।
- हरभजन सिंह दुआ
शहर की सड़कें वर्षों पुरानी और संकरी है। जनसंख्या में इजाफा होने के साथ ई-रिक्शे भी बढ़े हैं। ऐसे में बरात निकलने पर सड़क जाम हो जाती है। इस ओर अधिकारियों को ध्यान देने की जरूरत है।
- रफी उल हसन
गैरपंजीकृत मैरिज लॉन को तीन माह पहले जारी किए नोटिस, कार्रवाई कोई नहीं
शहर में गैरपंजीकृत 60 मैरिज लॉन के विरुद्ध प्रशासन ने करीब तीन माह पहले नोटिस जारी किए थे। पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने के लिए 21 दिन का समय दिया गया था। प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर सील करने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन अब तक संचालकों ने कोई प्रक्रिया पूरी नहीं की है। किसी ने भी अपने दस्तावेज जमा नहीं किए हैं।
सराय एक्ट के तहत ऐसे स्थान आते हैं जहां पर ठहरने की व्यवस्था हो। इसमें मैरिज लॉन, यात्री निवास, विश्राम स्थल शामिल होते हैं। इनका पंजीकरण कराना जरूरी होता है। अधिकतर मैरिज लॉन बगैर पंजीकरण के चल रहे हैं। पंजीकरण के लिए बिजली का कनेक्शन, प्रदूषण और अग्निशमन विभाग की एनओसी, एसडीएम या तहसीलदार की रिपोर्ट, विनियमित क्षेत्र से नक्शा पास होना जरूरी है।
-
जिन मैरिज लॉन संचालकों ने पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं की है। उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभी पार्किंग के विषय में कोई शासनादेश प्राप्त नहीं हुआ है। प्राप्त होने पर उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- अरविंद कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व
रफी उल हसन। स्रोत: स्वयं
रफी उल हसन। स्रोत: स्वयं