मीरानपुर कटरा। निर्माणाधीन ओवरब्रिज के लिए उखरी रेलवे क्रॉसिंग संख्या 341 के फाटक को सोमवार सुबह दस बजे से अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा। हालांकि, इस दौरान उखरी गांव के यातायात को मरेना और बीरमपुर गांव की क्रॉसिंग से निकालने की व्यवस्था की गई है, लेकिन इससे क्रॉसिंग के आसपास बसे करीब 24 गांवों के एक लाख से अधिक ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित होगा।
स्थानीय रेलवे स्टेशन के पास उखरी गांव के संपर्क मार्ग की इस रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। करीब 68 करोड़ रुपये के बजट से 700 मीटर लंबे और दस मीटर चौड़े ओवरब्रिज का निर्माण कार्य सेतु निगम को आगामी जून माह तक पूरा करना है।
ओवरब्रिज की रेल पटरियों के ठीक ऊपरी हिस्से पर गर्डर रखे जाने का काम होना है, लेकिन क्रॉसिंग का गेट खुला होने से कार्य में बाधा पैदा हो रही थी। इसे देखते हुए सेतु निगम के अभियंताओं ने मुरादाबाद रेलवे मंडल के उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर क्रॉसिंग को बंद करने की अनुमति मांगी थी।
खास यह है कि कुछ दिन पहले रेलवे के अधिकारियों के साथ एसडीएम सदानंद सरोज ने मौके का निरीक्षण कर क्रॉसिंग गेट से निकलने वाले ग्रामीणों के आवागमन के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए, लेकिन उस पर अमल नहीं किया गया। इस कारण क्राॅसिंग से निकलने वाले परशुरामपुर, मधुपुरी, रेहरा, रमापुर उत्तरी, पिपरी खुर्द, बाजपुर कुमरखा, पौकी, नगला मघा, साली नगला, नवादा, भुसौरी, पोसिल, पलिया, हरिहरपुर, जिकरीपुर, ईश्वरा आदि गांवों के लोगों को काफी दिक्कत होगी।
स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद हनीफ ने बताया कि उखरी रेलवे क्रॉसिंग गेट को सोमवार को सुबह दस बजे से अनिश्चितकाल के लिए बंद करने के निर्देश मिले हैं। उन्हाेंने बताया कि इस दौरान उखरी क्रॉसिंग से निकलने वाले यातायात को बीरमपुर और मरेना क्रॉसिंग से निकाला जाएगा।