शाहजहांपुर के टाउन हाल में लगा जाम। संवाद
शाहजहांपुर। नए साल के पहले दिन यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। बरेली मोड़ पर तो दिन में कई बार जाम लगा। शहर के अंदर भी वाहनों की कतार लगी रही। यातायात पुलिस और होमगार्ड के न होने से लोगों को दुश्वारियों से जूझना पड़ा।
नए साल को देखते हुए बुधवार को सड़कों पर आम दिनों की अपेक्षा ज्यादा भीड़ थी। बरेली मोड़ पर खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते जाम लगा। दोपहर 12 से दो बजे तक वाहनों की कतार लगी रही। कार, ट्रक, ई-रिक्शे समेत बाइक सवार तक जाम में फंसे रहे। इससे लोगों को दुश्वारियाें का सामना करना पड़ा।
सूचना पर टीएसआई बाल किशन यादव सिपाहियों के साथ पहुंचे और जाम को खुलवाने का प्रयास किया। भीड़ और वाहनों की अधिकता की वजह से आसानी से कामयाबी नहीं मिली। मंदिर में भीड़ कम होने के बाद यातायात बहाल हो सका।
वहीं, दूसरी ओर टाउनहॉल में भीड़ होने के बावजूद आईटीएमएस को शुरू कर दिया। वाहन अधिक होने की वजह से कवि तिराहे से एसपी कॉलेज तक जाम लग गया। यहीं से रोडवेज बस आने पर निकलना दूभर हो गया। मंदिर और शहीद उद्यान में घूमने आए लोग जाम में फंस गए। शाम करीब पांच बजे रेती रोड पर ग्रीन वैली कॉन्वेंट के पास जाम लग गया। टीएसआई बाल किशन ने बताया कि बरेली मोड़ पर जाम लगने पर खुलवा दिया था।
शाहजहांपुर के टाउन हाल में लगा जाम। संवाद