बाघ के बारे में जानकारी देती खुटार के गांव कढ़ैया की सुमन देवी। संवाद
खुटार। महिला के सामने बाघ झपट्टा मारकर बकरी को गन्ने के खेत में घसीटकर ले गया और मार डाला। महिला ने भागकर जान बचाई और कुछ दूर जाकर बदहवास होकर गिर पड़ी। सूचना पर वनकर्मियों के न पहुंचने पर ग्रामीणों में रोष है।
गांव कढ़ैया निवासी नत्थूलाल की पत्नी सुमन देवी मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे बकरी चराने खेत पर जा रहीं थीं। तभी घटना हुई। बाघ को देखकर चीखने के बाद वह बेहोश हो गईं। चीखने की आवाज सुनकर फसल की सिंचाई कर रहे गांव सीतापुर निवासी पवन कुमार ने मौके पर पहुंचकर शोर मचाया तो तमाम लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
लोगों ने बाघ होने की सूचना वनकर्मियों को दी, लेकिन देर शाम तक वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे गांव के लोगों में रोष है। सुमन देवी ने बताया कि बाघ गांव के प्रीतम सिंह के खेत में है। उन्होंने बाघ को काफी नजदीक से देखा है, लेकिन बाघ ने उन पर हमला नहीं किया और बकरी को ही ले गया।
ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से बाघ गांव के आसपास के खेतों में घूम रहा है, लेकिन वनकर्मी चुप्पी साधे बैठे हैं। रेंजर मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि वह विभागीय कार्य से प्रयागराज आए हैं। वनकर्मियों को मौके पर भेजकर जानकारी कराई जाएगी।