शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा से पहले प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। आठ जनवरी से सीसी कैमराें की निगरानी में होने वाली परीक्षा के लिए मंगलवार से प्रश्नपत्रों के बंडलों का वितरण होगा। डीआईओएस ने प्रश्नपत्र वितरण के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित हाईस्कूल व इंटरमीडियट की परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होगी। परीक्षा से पहले विद्यार्थियों को प्री-बोर्ड परीक्षा देना होगी। इसके लिए विभाग को वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षा के लिए तैयार कराए गए अतिरिक्त प्रश्नपत्र के रिजर्व सेट प्राप्त हो गए हैं।
डीआईओएस ने बताया कि प्रश्नपत्र के बंडलों का वितरण, सीलिंग पैकिंग के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। जीआईसी के प्रधानाचार्य अनिल कुमार को प्रभारी बनाते हुए यज्ञ दत्त शर्मा, राम निवास, ब्रजेश कुमार, ओमप्रकाश आदि को सहयोगी बनाया गया है। इसी तरह प्रधानाध्यापक मनीराम वर्मा और डॉ.हरमिंदर सिंह को सहायक प्रभारी बनाया गया है।
बताया कि परीक्षा आठ जनवरी से शुरू होगी। प्रथम दिन पहली पाली में हिंदी, संस्कृत, अरबी, फारसी की परीक्षा होगी। प्री-बोर्ड परीक्षा 23 जनवरी तक होगी।
आज से होगा प्रश्नपत्रों के बंडलों का वितरण
राजकीय इंटर कॉलेज में प्री-बोर्ड परीक्षा के लिए मंगलवार से प्रश्नपत्रों का वितरण होगा। 30 दिसंबर को सदर, 31 को तिलहर, एक जनवरी को पुवायां, दो को जलालाबाद, पांच को कलान के स्कूलों के प्रश्नपत्र सुबह दस से शाम पांच बजे तक दिए जाएंगे।
यूपी बोर्ड की स्थिति
परीक्षा बालक बालिका योग
दसवीं 24757 17846 42603
इंटरमीडियट 20551 14581 35132
योग 45308 32427 77735
-126 केंद्रों पर होगी यूपी बोर्ड की परीक्षा
-389 स्कूलों ने पोर्टल पर भरा गया था डाटा