शाहजहांपुर। गढि़यारंगीन थाना क्षेत्र के खमरिया गांव निवासी 45 वर्षीय वीरेश की रविवार दोपहर गोली मारकर हत्या के मामले में दो आरोपी सुरजीत व चंदन की तलाश में एक टीम को दूसरे जनपद भेजा गया है। वहीं दूसरी टीम जिले में ही आरोपियों की तलाश कर रही है।
मंगलवार देर शाम आरोपियों के पकड़े जाने की चर्चा हुई, लेकिन पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। चौक कोतवाली क्षेत्र के साउथ सिटी निवासी प्रशांत सिंह ने चाचा वीरेश की हत्या के मामले में अपने पिता अवधेश सिंह, भाई संजीत सिंह, प्रदीप सिंह, विपिन सिंह, सुरजीत सिंह के अलावा नरेश व चंदन को नामजद कराया।
पुलिस ने ग्राम पृथ्वीपुर तिराहा के पास से मृतक के भाई अवधेश सिंह व भतीजे संजीत को पकड़ लिया था। गंगा एक्सप्रेस की सर्विस लाइन स्थित कुबेर गोटिया के अंडरपास के पास से आरोपी विपिन, प्रदीप और नरेश को गिरफ्तार किया गया। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी की तलाश में टीमें जुटी हुईं हैं। जल्द ही फरार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।