कांट (शाहजहांपुर)। मोहल्ला गढ़ी पूर्वी निवासी 27 वर्षीय कमल गुप्ता की बाइक में रावतपुर मोड़ के पास किसी वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, हादसे के बाद खुद कमल ने फोन कर घायल होने की सूचना दी।
फोटोग्राफी करने वाले कमल गुप्ता की मदनापुर रोड पर कई दुकानें हैं। सोमवार की सुबह वह बाइक से बस स्टैंड के सामने मिठाई की दुकान से प्रसाद लेने के लिए निकले थे। जैसे ही वह रावतपुर मोड़ के पास पहुंचे। तभी किसी वाहन से टकराकर उनकी बाइक फिसल गई। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताते हैं कि कमल गुप्ता ने घायलावस्था में बहन को फोन कर हादसे की जानकारी दी। इसके बाद बेहोश हो गए। परिजनों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि कमल दो भाइयों में बड़े थे। शव को देख पिता शिवनाथ, मां गुड्डी, बहन दीक्षा, आकांक्षा, भाई विमल बिलख पड़े। प्रभारी निरीक्षक राकेश मौर्य ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
तीन दिन पहले ही लौटे थे उज्जैन से
परिजनों ने बताया कि कमल गुप्ता तीन दिन पूर्व ही वह उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर घर लौटकर आए थे। सोमवार की सुबह भी मंदिर जाने के लिए प्रसाद लेने के लिए जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया। परिजनों ने बताया कि उनकी मां बीमार रहती हैं, जिन्हें काफी देर बेटे की मौत की जानकारी नहीं दी गई।
फोटोग्राफर एसोसिएशन ने परिजनों को दी सांत्वना
फोटोग्राफर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पोस्टमाॅर्टम हाउस पहुंचकर कमल के परिवार को सांत्वना दी। उन्हें हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया। जिलाध्यक्ष अरुणेश अग्निहोत्री, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र मेहता, संरक्षक अशोक गोयनका, अंकित, गोपाल, रुपेश, अमित मौजूद रहे।
कमल गुप्ता का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन- फोटो : credit