जैतीपुर के बझेड़ा भगवानपुर में चुनावी चर्चा करते लोग।
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जैतीपुर। मतदान के बाद सभी अब दस मार्च को मतगणना का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। चार लोगों के एकत्रित होते ही लोग नई सरकार बनने पर बातें करना शुरू कर देते हैं। घूम-फिरकर बातचीत अपने क्षेत्र के भावी विधायक पर आ जाती है। हर समर्थक अपना विधायक बनने का दावा करता है। मगर सबका यह कहना है कि सरकार ऐसी बने जो विकास कार्यों को नई गति दे सके।
शनिवार को कटरा विधानसभा के बझेड़ा भगवानपुर गांव में रामनिवास श्रीवास्तव की दुकान के सामने ग्रामीण आने वाली सरकार और विधायक के विषय में चर्चा कर रहे थे। करीब आठ हजार की आबादी वाले गांव की एक बहुत बड़ी समस्या है। तिलहर और दातागंज से जुड़ने वाले मार्ग का शिलान्यास तो हो गया, लेकिन निर्माण शुरू नहीं हो सका। श्रीपाल कश्यप कहने लगे कि 10 मार्च के बाद फिर से सरकार बन रही है। उम्मीद है कि हालात बदलेंगे और रास्ता ठीक होगा। राकेश कश्यप ने कहा कि विकास के ही नाम पर वोट दिया है। छुट्टा पशुओं की समस्या का समाधान हो जाए।
रामपाल ने कहा कि भाजपा सरकार में गरीबों को राशन खूब मिला। अब बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाने की बात कर रहे हैं। रामाधार गुप्ता ने कहा, वोट अच्छी सरकार के लिए दिया है। चाहे कोई विधायक हो, लेकिन गांव का रास्ता तो सही होना ही चाहिए। कुंवरपाल कश्यप ने कहा कि क्षेत्र में ही रोजगार की व्यवस्था हो तो बाहर न जाना पड़े। संजू चौहान बोले कि सरकार ग्रामीण क्षेत्र की जनता और गांवों के विकास का ध्यान रखे।
प्रेमपाल कहने लगे कि योगी-मोदी की सरकार में गरीबों के घर चूल्हे नहीं बुझे, लेकिन किसानों को छुट्टा पशुओं से बहुत दिक्कत हुई है। रामवीर ने कहा कि गांव में ही काम मिले। इसी प्रकार जितेंद्र मौर्य, बब्लू, रामनिवास, उमेश, पुत्तू पंडित, शिवम आदि नई सरकार से अच्छी शिक्षा व्यवस्था और विकास की उम्मीद कर रहे हैं।