पुवायां में राजीव चौक पर लगा जाम। संवाद
पुवायां। स्थानीय पुलिस जाम का समाधान निकाल पाने में विफल है। इस मामले में विधायक चेतराम ने पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव से मुलाकात की। उनसे राजीव चौक पर जाम लगने का मामला उठाते हुए चौड़ीकरण और सुंदरीकरण की मांग की है।
कस्बे का सबसे व्यस्त चौराहा राजीव चौक है। यहां दो हाईवे और एक प्रांतीय राजमार्ग निकलता है। कस्बे के अंदर जाने का मार्ग भी है। कागजों में पुलिस यहां 24 घंटे तैनात रहती है, लेकिन वास्तविकता इससे दूर है। राजीव चौक पर दिन भर में कई बार जाम लगने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कुछ दिन पूर्व तालाब में डूबे पुवायां के एक युवक को सीएचसी ले जाते समय पुलिस वाहन के जाम में फंसने से उसकी मौत भी हो गई थी। लोगों की शिकायत पर राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार थाना प्रभारी को अपने आवास पर बुलाकर जाम लगने पर नाराजगी जता चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस रही।
अब विधायक चेतराम ने पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव को पत्र देकर राजीव चौक के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण की मांग की है। विधायक ने बताया कि जाम से अक्सर हादसे हो जाते हैं और लोगों की जान भी चली जाती है। विधायक ने पत्र में खुटार के मुख्य चौराहा और बंडा के खुटार-बिलसंडा चौराहा का भी चौड़ीकरण और सुंदरीकरण कराने की मांग की है। विधायक ने लिखा है कि चौराहों पर अक्सर जाम से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।