पुवायां में भैंसी नदी पुल के पास फंसी प्राइवेट बस को धक्का देकर निकालते लोग
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर पुवायां में बने भैंसी नदी के पुल की मरम्मत के दौरान साइड से वाहन निकलवाए जा रहे हैं। बुधवार शाम को भैंसी नदी पुल के पास गन्ना भरी ट्रॉली पलट गई। इसके अलावा एक प्राइवेट बस फंस जाने के कारण पुल के पास जाम लग गया। इससे एक घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे।
पुवायां में भैंसी नदी का पुल जर्जर हालत में है। इस समय पुल पर लोहे की चादरें टूट गई थी। इस वजह से वाहनों को निकालने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसके बाद एसडीएम ने एनएचएआई के अधिकारियों को पत्र भेजकर मरम्मत कार्य कराने की बात कही थी।
इसके बाद से बुधवार को काम शुरू कराया गया है। शाम को साढ़े सात बजे पुल के साइड से निकलने के दौरान गन्ना भरी ट्रॉली पलट गई। साइड से एक प्राइवेट बस निकालने पर फंस गई। इससे पुल के पास दोनों ओर वाहनों की लाइनें लग गई। काफी मशक्कत करके लोगों ने गन्ने को साइड में हटाकर आवागमन शुरू कराया। इस दौरान एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा।