शाहजहांपुर। पुवायां रोड स्थित वाईबाग कॉलोनी में शनिवार को बिजली विभाग के एसडीओ अनिल रावत के साथ भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष विमल गुप्ता द्वारा मारपीट करने का मुद्दा गरमा गया है और चर्चा लखनऊ तक पहुंच गई है। सपा ने शाहजहांपुर पुलिस के ट्वीटर अकाउंट पर मुद्दे को उठाते हुए भाजपा सरकार को घेरने का प्रयास किया। भाजपा नेता पर एससी एसटी एक्ट की धारा लगा होने के कारण सीओ सिटी को विवेचना सौंपी गई है।
शनिवार सुबह दस बजे कटिया बुजुर्ग गांव के कुछ लोगों के साथ आए भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष विमल गुप्ता ने एसडीओ अनिल रावत को कार्यालय से खींचकर अभद्रता करते हुए मारपीट की थी। वह लाइनमैन जुबैर को हटाने से नाराज थे। 15 से 20 लोगों के साथ आए विमल गुप्ता द्वारा अभद्रता करने का वीडियो भी वायरल हुआ था। हालांकि, विमल गुप्ता ने आरोपों को नकारते हुए एसडीओ का हाथ पकड़कर अन्य लोगों से वार्ता करने के लिए बुलाने की बात कही है।
इस मामले में एसडीओ अनिल की ओर से विमल गुप्ता समेत कई लोगों पर केस दर्ज कराया गया था। भाजपा नेता द्वारा मारपीट किए जाने की खबर अखबारों की सुर्खियां बनने के बाद मामला लखनऊ तक पहुंचा। सपा के ट्वीटर अकाउंट से शाहजहांपुर पुलिस के ट्वीटर अकाउंट पर भाजपा सरकार को घेरते हुए सवाल किया। पूछा है कि भाजपा नेता की गिरफ्तारी कब होगी, कब घर की कुर्की होगी, कब इसका पोस्टर चौराहे पर लगेगा। हालांकि, पुलिस ने जवाब दिया है कि मामले में थाना सदर बाजार पर मुकदमा दर्ज है।
एसडीओ के साथ तहरीर आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। एससी एसटी एक्ट में केस दर्ज होने के कारण सीओ सिटी मामले की जांच करेंगे। - अखंड प्रताप सिंह, सीओ सदर