पुवायां/खुटार। यूरिया के लिए किसान परेशान घूम रहे हैं। हालात ये हो चले हैं कि सुबह लंबी लाइन में लगने के डर से किसान शाम को खाना खाने के बाद से इफको केंद्र पर आ जाते हैं और केंद्र के सामने ही बोरा बिछाकर सो जाते हैं। दिन में भीषण गर्मी और धूप के बावजूद किसान लाइन में लगे रहते हैं। कई बार लाइन में लगने के बावजूद यूरिया नहीं मिलने पर मायूस होकर लौटना पड़ता है।
पुवायां और खुटार में इफको केंद्रों पर यूरिया के लिए भीषण गर्मी में किसानों की लंबी लाइन लग रही है। इसके बाद भी कई किसानों को खाद नहीं मिल पाती है। गर्मी के चलते कई किसानों की तो हालत भी बिगड़ जाती है, लेकिन मक्का और गन्ने में खाद डालने का सही समय होने के कारण मजबूरन लाइन में लगना पड़ता है। कुछ किसान धान की फसल के लिए अभी से यूरिया एकत्र करने में लगे हैं।
जिन किसानों की किसान रजिस्ट्री नहीं हुई है, उनको भी यूरिया लेने में दिक्कत आ रही है। लंबी लाइन में लगने के बाद बमुश्किल नंबर आता है तो पता चलता है कि किसान रजिस्ट्री न होने से यूरिया नहीं मिल सकेगी। बड़े किसान यूरिया के लिए श्रमिकों को लाइन में लगा रहे हैं। खुटार इफकाे केंद्र के प्रभारी राजीव चौधरी ने बताया कि खाद का वितरण लगातार किया जा रहा है।
सोमवार को 700 बोरी यूरिया आई है, जिसका वितरण किया जा रहा है। कई बार किसान अपने कागजात दूसरों को देकर लाइन में लगा देता है। जिससे आधार कार्ड व खतौनी में नाम का मिलान नहीं हो पाता और किसान विवाद करने लगते है। खाद वितरण में फॉर्मर रजिस्ट्री की समस्या भी आ रही है।
यूरिया लेने के लिए रात 10 बजे से लाइन में लगा हूं। अधिकारी ध्यान देकर यूरिया की व्यवस्था कराएं।
- नेतराम, गांव गंगाई पुवायां
25 एकड़ में धान लगाना है, लेकिन अब तक यूरिया की एक भी बोरी नहीं मिली है। एसडीएम और इफको के अधिकारियों से भी कई बार बात की, लेकिन खाद नहीं मिली।
-धनंजय शुक्ला, गांव सिमरई
गन्ने में यूरिया डालना है, लेकिन कई बार लाइन में लगने के बाद भी यूरिया नहीं मिल सकी है। गन्ने में समय पर खाद नहीं पड़ी तो सालभर की मेहनत बेकार हो जाएगी।
-रामलड़ैते, गांव बुझिया
-
चौका चूल्हा छोड़कर यूरिया के लिए लाइन लगानी पड़ रही है। सरकार कह रही है कि यूरिया की कमी नहीं है और यहां लाइन में लगने के बाद भी यूरिया नहीं मिल रही है।
-प्रेमवती, गांव बेहटा जमीने जेबां
खुटार और पुवायां क्षेत्र में इफको केंद्रों पर पिछले वर्ष से अधिक खाद का आवंटन किया गया है। कुछ लोग इफको केंद्रों पर अनावश्यक पहुंचकर वीडियो बनवा रहे। यूरिया पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है लेकिन कुछ लोग भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं। इस मामले में डीएम को भी अवगत कराया गया है।
- अखिलेश प्रताप सिंह, एआर को-ऑपरेटिव
भीषण गर्मी में खुटार के इफको केंद्र पर यूरिया के लिए लगी लाइन। संवाद
भीषण गर्मी में खुटार के इफको केंद्र पर यूरिया के लिए लगी लाइन। संवाद
भीषण गर्मी में खुटार के इफको केंद्र पर यूरिया के लिए लगी लाइन। संवाद
भीषण गर्मी में खुटार के इफको केंद्र पर यूरिया के लिए लगी लाइन। संवाद
भीषण गर्मी में खुटार के इफको केंद्र पर यूरिया के लिए लगी लाइन। संवाद