स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रंगबिरंगी झालरों और तिरंगा से जगमगा रहा कलक्ट्रेट भवन। संवाद
शाहजहांपुर। स्वतंत्र दिवस धूमधाम के मनाने के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियों को बृहस्पतिवार को अंतिम रूप दिया गया। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सरकारी भवनों और शहीद प्रतिमाओं को रंगबिरंगी झालरों से सजा दिया गया है। कलक्ट्रेट, विकास भवन, एसपी कार्यालय रंगबिरंगी झालरों के बीच तिरंगामय हो गए हैं। शुक्रवार सुबह धार्मिक स्थलों में प्रार्थना कार्यक्रमों की शुरुआत हो जाएगी।
शहर के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों में सुबह सात बजे प्रार्थना की जाएगी। सुबह साढ़े छह बजे जिला बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जीआईसी मैदान से प्रभातफेरी निकाली जाएगी। साढ़े सात बजे मंडी स्थित गांधी प्रतिमा पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा माल्यार्पण किया जाएगा और शहीद स्तंभ पर पुष्पार्पण किया जाएगा।
इसके साथ ही शहर में शहीदों की सभी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। नौ बजे पुलिस लाइन में पौधरोपण और परेड का आयोजन होगा। साढ़े नौ बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। 10 बजे गांधी पुस्तकालय में ध्वजारोहण किया जाएगा। 10 बजे जिला कारागार में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, 10:30 बजे शहीदों को सलामी कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस लाइन से शुरू होगा।
दिन में जगह-जगह पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शाम साढ़े छह बजे अटल बिहारी प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रंगबिरंगी झालरों और तिरंगा से जगमगा रहा कलक्ट्रेट भवन। संवाद