शाहजहांपुर। निगोही की रहने वाली प्रियंका ने महिला थाने में पति व ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि उसकी शादी पिछले साल 22 अप्रैल को थाना हाफिजगंज के गांव कुंवरपुर बंजरिया निवासी हरिओम शर्मा उर्फ सुनील कुमार शर्मा के साथ हुई थी। कुछ दिन बाद ससुराल वालों ने दहेज में दो लाख रुपये की मांग की। असमर्थता जताने पर उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। कमरे में बंद करके बेरहमी से पीटा।
इस साल 23 जून को महिला थाने में प्रार्थना पत्र दिया तो 26 जून को पति घर ले गया, लेकिन अपनी आदत से बाज नहीं आया। 10 अगस्त की रात कमरे में बंद कर हाथ पैर बांधकर बेरहमी से पीटा। जान से मारने के उद्देश्य से चुनरी से गर्दन दबाई।
जब पिता को फोन किया तो मोबाइल तोड़ दिया। पिता ने बात सुनकर यूपी-112 पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौका पाकर जान बचाकर एक राहगीर से मदद से अपने पिता के घर आ गईं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद