ब्लाक क्षेत्र में आखिरी चरण में होने वाले पंचायत चुनाव के तहत शुक्रवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन प्रधान पद तथा ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिये परचे दाखिल हुए। नामांकन के दौरान ब्लाक परिसर में काफी गहमागहमी रही जबकि परिसर से बाहर बड़ी तादाद में प्रत्याशियों के समर्थक मौजूद रहे।
सुबह आठ बजे से शुरू होकर चार बजे तक चली नामांकन प्रक्रिया मे दोपहर को तेजी आई और प्रधान पद के प्रत्याशी अपने तमाम सर्मथको के साथ जुलूस लेकर नारेबाजी करते हुए ब्लाक पहुंचे, लेकिन प्रत्याशी व प्रस्तावक को छोड़ किसी को भी अंदर नहीं घुसने दिया गया। मालूम हो कि नामंाकन प्रक्रिया शनिवार को भी जारी रहेगी। नामंाकन पत्रों की जांच 29 व 30 नवंबर को तथा नाम वापसी एक दिसंबर को सायं तीन बजे तक होगी। इसके बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे तथा नौ दिसंबर को मतदान होगा।
राज्यमंत्री की दो भाभियों ने कराया नामांकन
ग्राम पंचायत हारगुरैया प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री राममूर्ती सिंह वर्मा का पैतृक गांव है। यहां की सीट पिछड़ा वर्ग को आरक्षित है। शुक्रवार को नामांकन के पहले दिन राज्यमंत्री के अग्रज ओमप्रकाश सिंह की पत्नी ओमवती तथा उनके दूसरे भाई स्व. जगन्नाथ सिंह वर्मा की पत्नी सुमिरता देवी के अलावा करीब आधा दर्जन अन्य प्रत्याशियों ने नामांकन कराया।