कृष्णानगर मंदिर में माता तुलसी और भगवान सालिगराम विवाहोत्सव में गुरुवार को आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सात कन्याओं के हाथ पीले कराए गए। इतना ही नहीं, मंदिर समिति ने आपसी सहयोग से सभी जोड़ों को कीमती उपहार भी दिए।
माता तुलसी-भगवान सालिगराम की शोभायात्रा के बाद बड़ी विसरात निवासी मनोज कुमार का विवाह आकांक्षा से, बृज विहार कालोनी निवासी प्रदीप का विवाह विद्या से, सुभाषनगर निवासी प्रमोद कुमार का विवाह लक्ष्मी से, बंडा निवासी प्रमोद का विवाह प्रियंका से, हुसैनपुरा निवासी सोनू का विवाह मधु से, सरायकाइयां निवासी संजय का विवाह मंदाकिनी से और पुवायां निवासी अश्वनी का विवाह काजल के साथ रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न कराया गया। भांवरों से पूर्व जयमाल की रस्म अदायगी हुई। इसके बाद पंडित अखिलेश शास्त्री ने भांवरें डलवाई। मंदिर समिति के प्रधान सुशील नारंग, कार्यवाहक अध्यक्ष हरीश बजाज, महामंत्री कमलेश सचदेवा, कोषाध्यक्ष अनिल तनेजा और ललित खुराना आदि ने वैवाहिक तैयारियों को अंतिम रूप दिया। श्री बजाज ने बताया कि सभी जोड़ों को एक-एक बेड, अलमारी, बैग, गद्दे-रजाई, कंबल, साडिय़ां, सूट, पैंट-शर्ट, बर्तन, प्रेस, पंखा, मंगलसूत्र समेत घरेलू उपयोग का सामान बतौर उपहार में दिया।