सांड के हमले में घायल शेर सिंह
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जलालाबाद (शाहजहांपुर)। गांव खाईखेड़ा के पास सांड़ ने 55 वर्षीय मानसिक मंदित व्यक्ति को जमीन पर पटककर मार डाला। इससे पहले सांड़ ने घर के बाहर खड़े बुजुर्ग शेर सिंह पर हमला कर घायल कर दिया। मोहल्ले वालों ने शोर-शराबा कर सांड़ को भगाया और बुजुर्ग की जान बचाई। 55 वर्षीय व्यक्ति मानसिक रूप से मंदित बताया जा रहा है। वह करीब एक महीने से इलाके में देखा जा रहा था।
बुधवार सुबह करीब छह बजे वह खाईखेड़ा चौराहे के पास एक दुकान के सामने तख्त पर सो रहा था। उधर से गुजर रहे सांड़ ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि नींद से जागे व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, परंतु तब तक सांड़ ने उसे दूर फेंक दिया। सांड़ ने उस पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की कुछ ही देर बाद ही मौत हो गई। थाना इंचार्ज मानसिंह ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इससे पहले मंगलवार रात करीब नौ बजे इसी चौराहे के पास रहने वाले शेर सिंह खाना खाने के बाद घर के बाहर खड़े थे। कुछ देर में पीछे से आए इसी सांड़ ने शेरसिंह पर हमला कर दिया। बुजुर्ग के बाएं पैर में चोट आई है। ग्रामीणों ने सांड़ को पकड़ाने की मांग प्रशासन से की है।