शिवा का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
- फोटो : संवाद
खुदागंज। पोस्टमॉर्टम के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली से कुचलकर मरे किशोर के शव को वापस लेकर आ रही एंबुलेंस को पुलिस ने दो किलोमीटर पहले रोक दिया। इससे नाराज परिजन थाने के सामने धरने पर बैठ गए। परिजनों का कहना था कि जब तक ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी और हल्का इंचार्ज को हटाने की कार्रवाई नहीं की जाती, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। सीओ तिलहर के साथ कई थानों की पुलिस पहुंची। परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शनिवार की रात खुदागंज की ग्राम पंचायत अभयपुर में घर के बाहर खड़े 14 वर्षीय शिवा की रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली से कुचलकर मौत हो गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था। रविवार की शाम पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव को एंबुलेंस से लेकर खुदागंज के लिए चल दिए। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि परिजन शव को लेकर सीधा थाने पहुंच रहे है।
पुलिस ने थाने से दो किलोमीटर पहले अकबरिया पुलिया के पास एंबुलेंस रोक ली। थाने की ओर न जाकर घर की ओर जाने को कहा तो परिजन नाराज हो गए। दो-तीन लोगों को एंबुलेंस में छोड़ सीधा थाने के सामने धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो जाती और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में नहीं लिया जाता, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने रिपोर्ट बदलने करने की भी कोशिश की थी। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को वहां से हटा दिया। रात में एक लेबर द्वारा साक्ष्य मिटाने का भी प्रयास किया गया।
शिवा का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन- फोटो : संवाद