तिलहर क्षेत्र में बरैंचा गांव के पास कैमुआ नाला पुल की एप्रोच रोड पर ईंट के रोड़े और मिट्टी डाल
तिलहर। बरैंचा गांव में कैमुआ नाले पर बने पुल के पास बारिश में मिट्टी धंस जाने से पहुंच मार्ग पर हुए गड्ढों में ईंट रोड़ा और मिट्टी का भराव कर लोक निर्माण विभाग ने राहगीरों के लिए रास्ता आसान कर दिया है।
लोनिवि के प्रांतीय खंड ने करीब चार साल पहले कैमुआ पुल बनवाया था। उस दौरान पुल के दोनों ओर मिट्टी डालकर पहुंच मार्ग भी बनाया गया था। तत्कालीन विधायक रोशन लाल वर्मा ने 10 सितंबर 2021 को पुल का लोकार्पण किया था, लेकिन पिछली बरसात में पुल के पास पहुंच मार्ग की मिट्टी बह गई थी।
मानसून सीजन के बाद पुल के पास काम भी हुआ, लेकिन हाल में हुई बारिश में एप्रोच रोड की मिट्टी धंस जाने से राहगीरों के लिए पुल से निकलना खतरनाक हो गया था। एप्रोच रोड की मिट्टी धंस जाने के कारण किसानों को वजन से भरी ट्रैक्टर ट्राॅली पुल पर चढ़ाने में दिक्कत हो रही थी।
रात में उधर से निकलने वालों को अचानक ब्रेक लगाने पर उनके साथ कभी भी कोई हादसा हो सकता था। गत 14 जून के अंक में पृष्ठ छह पर विस्तृत समाचार प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को को पुल के पास सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए थे। डीएम ने बताया कि पुल के एप्रोच रोड पर ब्रिक बैट्स डालकर यातायात को चलने लायक बना दिया गया है।
तिलहर क्षेत्र में बरैंचा गांव के पास कैमुआ नाला पुल की एप्रोच रोड पर ईंट के रोड़े और मिट्टी डाल