शैलेंद्र का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। तिलहर थाना क्षेत्र में 25 अप्रैल की सुबह रेलवे ट्रैक के पास मृत मिले युवक की पहचान हरदोई जिले के थाना पचदेवरा के नई बस्ती मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय शैलेंद्र के रूप में हुई। वह गाजियाबाद जाने के लिए घर से निकले थे। रविवार को आए मृतक के तहेरे भाई शानू ने जीआरपी थाने पहुंचकर मोबाइल फोन में फोटो देखा और शिनाख्त की।
शानू ने बताया कि शैलेंद्र गाजियाबाद के एक शादी हाॅल में सुपरवाइजर थे। 24 अप्रैल की सुबह वे बैंक के काम से घर आए। उसी दिन उनका शाहजहांपुर से श्रमजीवी एक्सप्रेस से वापसी का टिकट था। काम निपटाने के बाद भाई को वे शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन के बाहर तक छोड़कर घर लौट आए थे।
शानू ने बताया कि देर शाम शैलेंद्र को उसकी मां रमादेवी ने कॉल की थी, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद जा रहा था। गाजियाबाद न पहुंचने पर परिजन को चिंता हुई, तब हरदोई में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसके बाद शाहजहांपुर जीआरपी थाने में सूचना दी। भाई का बैग भी नहीं मिला है। परिजनों ने बताया कि शैलेंद्र तीन भाइयों में बड़ा था। उसकी शादी नहीं हुई थी।