बाइक और 21 सौ रुपये बरामद, दो आरोपी पकड़ से बाहर
संवाद न्यूज एजेंसी
खुटार। महिला से साढ़े आठ हजार रुपये छीनने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है। कोर्ट से उसे जेल भेज दिया है।
गांव भरकलीगंज निवासी फिरदौस ने पुलिस को बताया था 12 जुलाई की दोपहर वह अपनी पत्नी मेनाज के साथ बाइक से तिकुनिया चौराहे पर दो व्यापारियों को उधारी के रुपये देने आ रहे थे। पूरनपुर-खुटार मार्ग पर गांव मोहनपुर मोड़ के पास पीछे से एक बाइक पर आए तीन लोगों ने उसकी पत्नी से साढ़े आठ हजार रुपये छीन लिए और खुटार की ओर भाग निकले। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि जांच में आरोपियों का पता चल गया है। शनिवार को गांव ढकना लहिया माेड़ के पास से एक आरोपी प्रमोद को पकड़ भी लिया गया है। उसके पास से छीने गए रुपयों में से 21 सौ रुपये बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपी ने साढ़े आठ हजार रुपये छीनने की बात कबूली है। आरोपी की बाइक को सीज कर दिया गया है। दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।