शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर सोमवार तड़के हादसा हो गया। हाईवे पर ट्रक से पिकअप वाहन टकरा गया, जिससे लखनऊ के कपड़ा व्यापारी की मौत हो गई। पिकअप चालक समेत दो घायल हो गए।
शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर सोमवार तड़के बजरी से भरे ओवरलोड ट्रक से पिकअप वाहन टकरा गया। हादसे में लखनऊ के कपड़ा व्यापारी 36 वर्षीय मोहम्मद हलीम की मौत हो गई। जबकि चालक समेत दो लोग घायल हो गए।
विज्ञापन
लखनऊ जिले के थाना वजीरगंज क्षेत्र के मोहल्ला जनता नगरी निवासी जाकिर ने बताया कि वह अपने भाई मोहम्मद हलीम के साथ पंजाब से कपड़ों की पोटलियां लेकर पिकअप वाहन से घर लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब तीन बजे पूर्वी भक्शी तिराहे के पास आगे चल रहे बजरी से भरे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रहा पिकअप वाहन ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप चालक सलीम, मोहम्मद हलीम और जाकिर घायल हो गए।
चालक की हालत नाजुक
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां डाक्टर ने मोहम्मद हलीम को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक सलीम को प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जाकिर को मामूली चोटें आई हैं।
विज्ञापन
हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात भी प्रभावित रहा। सीओ इशिका सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।